रामपुर। काली घटाओं के बीच बुधवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर जलभराव और गंदगी फैलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर रिमझिम बारिश के बाद देर रात तक बादल छाए रहे और बारिश की संभावना बनी रही।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार की तुलना में 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शहर में पिछले एक सप्ताह से बारिश का दौर जारी है। बुधवार की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कों पर गंदगी फैल गई, जिससे पैदल चलने वालों को दिक्कत हुई। नालियों का चोक पानी सड़कों पर आने से जमा सिल्ट भी बाहर निकल आई और दुर्गंध फैलने लगी। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
मोहल्ला सिविल लाइंस में थाने के सामने से लेकर रोडवेज वर्कशॉप तक सड़क पर पानी भरा रहा। स्थिति यह रही कि वर्कशॉप के कर्मचारी भी पैदल अंदर नहीं जा सके। लोग एक-दूसरे की बाइक का सहारा लेकर अंदर पहुंचे। वर्कशॉप के गेट के सामने भी जलभराव रहा, जिसके बीच से होकर वाहन गुजरते रहे।
रामपुर रोडवेज डिपो के सामने जलभराव होने से ठेला संचालकों का काम प्रभावित रहा। कचहरी रोड पर भी बारिश का पानी भरने से पैदल आवागमन बाधित हो गया। सड़कों पर कीचड़ होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। देर शाम करीब पांच बजे बारिश थम गई, लेकिन बादल छाए रहे और देर रात तक बारिश की संभावना बनी रही। मौसम विशेषज्ञ मोहम्मद दानिश ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी बारिश की संभावना बनी हुई है।