रामपुर। यतीमखाना की जगह पर किराएदार के रूप में रहने वाले लोगों की जगह पर कब्जा करने के आरोप में सांसद आजम खां के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन सभी मुकदमों में सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में तारीख नियत थी। सोमवार को कोर्ट ने मामले में अगली तारीख 12 अगस्त तय की है। हालांकि इन सभी मुकदमों में आजम खां को जमानत मिल चुकी है।
यतीमखाना प्रकरण में साल 2019 में सपा सांसद आजम खां के खिलाफ जबरन कब्जा करने, मकानों को तोड़ने से लेकर भैंस-बकरी चोरी तक के आरोप में 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे। कोतवाली थाने में दर्ज इन सभी मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। इन सभी मामलों में आजम खां को राहत मिल चुकी है और उनकी इन सभी मामलों में जमानत मंजूर हो चुकी है। इन मामलों में अभी हाजिरी की प्रक्रिया चल रही है। सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सैनी ने बताया कि इस मामले में सोमवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। जिसमें कोर्ट ने मामले में अगली तारीख 12 अगस्त निर्धारित कर दी है।