रामपुर। सपा सांसद आजम खां के खिलाफ बिलासपुर और सिविल लाइंस थाने में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन और भड़काऊ भाषण देने के मामले में बृहस्पतिवार को कोर्ट में तारीख थी। जिसमें कोर्ट ने अगली तारीख पांच जनवरी तय की है।
सपा सांसद आजम खां के खिलाफ साल 2019 में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दो वर्गों में वैमनस्यता फैलाने के आरोप में बिलासपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके साथ ही सिविल लाइंस थाने में भी आजम खां के खिलाफ लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण देने और आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इन मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। बृहस्पतिवार को इन मामलों में तारीख थी। सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रताप सिंह मौर्य ने बताया कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट द्वारा एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे मुकदमों के मजिस्ट्रेट कोर्ट में ट्रायल के संबंध में दिए गए आदेशों के क्रम में बृहस्पतिवार को इस मामले में अगली तारीख पांच जनवरी तय की गई है। जिससे अगली तारीख में यह स्पष्ट हो जाए कि ये मामले अब किस कोर्ट में सुने जाएंगे।