रामपुर। सपा नेता आजम खान के खिलाफ डूंगरपुर मामले में बुधवार को न्यायालय में सुनवाई नहीं हो सकी। कारण था मामले का मुख्य गवाह का न्यायालय में पेश न होना। इसके चलते अदालत ने मामले की सुनवाई आगे बढ़ाकर चार सितंबर कर दी है।
यह मामला गंज थाना क्षेत्र में डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के नाम पर लूटपाट, मारपीट और चोरी का है। आरोप है कि आजम खान और उनके समर्थकों ने बस्ती खाली कराने के नाम पर वहां के निवासियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थाना गंज में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आजम खान के खिलाफ मामला दर्ज किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आजम खान और उनके सहयोगियों ने बस्तीवासियों को डरा-धमकाकर उन्हें वहां से जबरन खाली कराने का प्रयास किया था।
बुधवार को होनी वाली सुनवाई के दौरान जब मामले का गवाह अदालत में पेश नहीं हुआ, तो न्यायाधीश ने सुनवाई स्थगित कर दी। अब इस मामले की अगली सुनवाई चार सितंबर को होगी। न्यायिक प्रक्रिया के तहत अगली सुनवाई तक गवाहों को अदालत में पेश होने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।
इस बीच, आजम खान की ओर से भी अपना पक्ष रखने के लिए कानूनी तैयारियां जारी हैं। मामले की अगली सुनवाई में गवाहों के बयान और सबूतों पर विचार किया जाना है। संवाद