रामपुर। सपा नेता आजम खां से जुड़े तीन मामलों में मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। तीनों मामलों में अब अलग-अलग तारीखों पर सुनवाई होगी।
सपा नेता के खिलाफ गंज थाने में दर्ज फांसीघर की जमीन कब्जाने के मामले में मंगलवार को सुनवाई हुई। इस दौरान बचाव पक्ष की ओर से स्थगन प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 23 सितंबर की तारीख तय कर दी।
वहीं, सपा के दिवंगत नेता अमर सिंह पर टिप्पणी करने के मामले में आजम खां को बरी किए जाने के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई होनी थी। इस मामले में भी स्थगन प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर अगली सुनवाई के लिए 27 सितंबर की तारीख तय की गई है।
वहीं, शाहबाद कोतवाली में दर्ज भड़काऊ भाषण मामले में भी मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 27 सितंबर को होगी।