स्वार में नर्सिंग होम को सील करती स्वास्थ्य विभाग टीम।संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RAMPUR
स्वार। अपंजीकृत चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान एक जच्चा-बच्चा केंद्र, दंत चिकित्सालय व एक अन्य जच्चा-बच्चा केंद्र के ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया। अभियान से अपंजीकृत चिकित्सकों में हड़कंप मच गया।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने टीम के साथ नगर के मोहल्ला अगलगा स्थित केसर लाइफ लाइन जच्चा बच्चा केंद्र पर छापा मारा। जहां उन्हें कोई भी डिग्री धारक चिकित्सक नहीं मिला। जिस पर जच्चा-बच्चा केंद्र को सील कर दिया गया। स्वार-बिलासपुर मार्ग स्थित सेवा डेंटल क्लीनिक पर भी चिकित्सक नहीं मिला और न ही सीएमओ कार्यालय में क्लीनिक का पंजीकरण मिला। डेंटल क्लीनिक को भी सील कर दिया गया। स्वार-रामपुर मार्ग स्थित बिजलीघर के सामने जीविक जच्चा बच्चा केंद्र में भी पंजीकृत चिकित्सक नहीं मिला। जबकि यहां पर कई मरीज भर्ती मिले। हालांकि सीएमओ कार्यालय में क्लीनिक का पंजीकरण पाया गया। जिस पर टीम ने ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया। छापामार कार्रवाई की भनक जैसे ही नजदीक में स्थित अन्य अपंजीकृत चिकित्सकों को लगी तो वह अपना क्लीनिक बंद कर गायब हो गए। स्वार-बाजपुर मार्ग स्थित लाइफ लाइन व ग्रीन सिटी नर्सिंग होम पर भी टीम ने छापा मार कार्रवाई की। जहां नर्सिंग होम के पंजीकरण होने के साथ ही पंजीकृत एवं डिग्री धारक चिकित्सक मौजूद मिले। नोडल अधिकारी डॉ. चौधरी ने बताया कि छापा मार कार्रवाई के दौरान एक नर्सिंग होम, एक डेंटल क्लीनिक, एक जच्चा बच्चा केंद्र का ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया गया है। नोटिस जारी कर अभिलेख तलब किए गए हैं। जांचोपरांत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्वार में एक नर्सिंग होम के अभिलेखों की जांच करते नोडल अधिकारी।संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : RAMPUR