रामपुर। जिले के 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 3737 मरीजों का उपचार किया गया। मेले के दौरान 1545 पुरुष, 1724 महिलाओं एवं 463 बच्चों का चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार किया गया। मेलों में प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त आयुष विभाग, आईसीडीएस विभाग एवं आईएमए का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
कुल 136 ऐसे मरीज चिह्नित किए गए जिन्हें विशेष जांच और उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें उच्चीकृत केंद्र संदर्भित किया गया। खून की कमी के 214, श्वांस रोग के 227, डायबिटीज के 197, उदर रोग के पीड़ित 316, चर्म रोग के 91 एवं टीबी के 94 मरीजों का उपचार किया गया। कोविड-19 के दृष्टिगत मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजेशन का विशेष ख्याल रखा गया। मेलों में बनी कोविड-19 हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों कोविड-19 के बारे में जागरूक किया गया एवं बचाव के उपाय बताए गए। 322 गर्भवती माताओं की जांच की गई। स्वास्थ्य शिविरों में 269 आयुष्मान लाभार्थियों के ई-कार्ड बनाए गए। जिन मरीजों में खून की कमी पाई गई उन्हें आयरन और फॉलिक एसिड की टैबलेट वितरित की गईं। सभी आरोग्य मेलों में लाभार्थियों को कोरोना वायरस के लक्षणों और बचाव के लिए सावधानियों से अवगत कराते हुए साबुन-पानी से हाथ धोने की सही विधि की जानकारी दी गई। इस प्रकार के मेलों का आयोजन जनपद में प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रत्येक रविवार को किया जाता है।