दीपावली से पूर्व हुए अवकाशों के रविवार को खत्म होने पर ट्रेन-बसों में यात्रियों की वापसी की भीड़ उमड़ पड़ी। दीपावली और भैया दूज से पहले जो ट्रेन-बसों में भीड़ का आलम था, लगभग वैसा ही नजारा रविवार को भी रहा। बाईपास से रोडवेज बसों के गुजरने के कारण मुरादाबाद-बरेली की सवारियों को घंटों बस का इंतजार भी करना पड़ा।
ऐसे में काफी देर में आ रही बसों में भीड़ के कारण यात्रियों को खड़े होकर ही सफर करना पड़ा। धनतेरस से शुरू हुआ त्योहारी सीजन रविवार को पूरा हो गया। सोमवार से कार्यालय खुलने और सार्वजनिक अवकाश समाप्त होने के कारण रविवार को नौकरीपेशा लोगों ने वापसी की। रविवार को रोडवेज बसों से लेकर ट्रेनों तक में यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
त्योहारी सीजन के कारण ट्रेनों में रिजर्वेशन चार्ट फुल था। ट्रेनों में जनरल कोच की बात तो दूर स्लीपर और एसी कोच तक में जगह नहीं थी। मजबूरन यात्रियों को जहां जगह मिली वहीं खड़े होकर सफर करना पड़ा। ट्रेनों में कोच के गेट तक पर यात्रियों की भीड़ रही। रोडवेज बसों में भी यात्रियों की काफी भीड़ रही।
कई रोडवेज बस चालकों ने तो निर्धारित बस स्टापेज तक पर बस को नहीं रोका। बस के रुकते ही यात्रियों का हुजूम उसके गेट पर जुटता रहा। इससे स्टापेज पर उतरने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों के फुल होने पर भारी संख्या में यात्रियों ने खड़े होकर सफर किया।
रोडवेज बस से सफर करने वाले मुरादाबाद-बरेली के यात्रियों को बाईपास से अधिकतर रोडवेज बस गुजरने से भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों के बाईपास से गुजरने के कारण शहर के अंदर से गुजरने वाली रोडवेज बसों की संख्या काफी कम रही।
यात्रियों को घंटों बस का इंतजार करना पड़ा। साथ ही बसों में यात्रियों की अधिक भीड़ के कारण मजबूरन कई सवारियों को खड़े होकर ही सफर करना पड़ा। बसों के इंतजार में रोडवेज बस अड्डे से लेकर अंबेडकर पार्क तक यात्रियों की भीड़ रही।