तीन साल बाद भी मधुपुरा में नहीं बना ओवरहेड टैंक
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार। ब्लॉक क्षेत्र के मधुपुरा गांव में हर घर जल योजना का लाभ न मिलने से ग्रामीणों में रोष है। योजना शुरू हुए तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन गांव में अब तक ओवरहेड टैंक का निर्माण नहीं हो सका है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को ग्राम प्रधान के घर पहुंचकर घेराव किया और जल निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रधान के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन तथा नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने मधुपुरा में जागीर पेयजल योजना को मंजूरी देते हुए 293.10 लाख रुपये की लागत तय की थी। योजना का कार्य 14 नवंबर 2022 को शुरू हुआ, लेकिन सूचना बोर्ड पर कार्य पूर्ण होने की तिथि अंकित नहीं है। गांव में 816 कनेक्शन दिए जा चुके हैं, बावजूद इसके योजना अधूरी होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
बुधवार को ग्रामीण ग्राम प्रधान डॉ. प्रेमपाल के आवास पर पहुंचे और हर घर जल योजना में हो रही देरी को लेकर धरना दिया। ग्राम प्रधान ने डीएम से शिकायत करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में जागन सिंह, इंदल सिंह, सीताराम, चिरंजी लाल, प्रेम, दुर्गादास, सोमपाल, चंद्रसैन, गोकल सिंह, राम गोपाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
स्वार ब्लॉक के बहुत से गांवों में योजना अधूरी होने के कारण ग्रामीणों को पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा है। ठेकेदार को धन नहीं मिल सका है जिसके कारण हर घर जल योजना का कार्य अधूरा है। जल्द ही कार्य पूरा होने पर योजना का लाभ ग्रामीणोें को मिलने लगेगा। -मोहित विक्रम सिंह, अधीक्षण अभियंता, जल निगम