शाहबाद। खंदेली गांव के दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों सोमवार को किसी काम से निकले थे। रास्ते में मीरापुर गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
हादसे में हरि सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके दोस्त राजवीर (49) जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे। मंगलवार तड़के करीब छह बजे राजवीर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो दोस्तों की एक साथ मौत से ग्रामीणों में शोक है।
सोमवार शाम संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के किसौली गांव निवासी पवन दिव्यापुर गांव स्थित अपनी ससुराल आए थे। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह अपने साले भानुप्रताप के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान खंदेली गांव निवासी हरि सिंह और राजवीर भी बाइक से शाहबाद की ओर आ रहे थे। मीरापुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हरि सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजवीर समेत तीन घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन राजवीर को जिला अस्पताल ले गए थे। इलाज के दौरान मंगलवार तड़के छह बजे राजवीर ने भी दम तोड़ दिया।
राजवीर के दामाद प्रशांत सिंघ ने बताया कि हरि सिंह और उनके ससुर राजवीर गहरे दोस्त थे। सोमवार शाम दोनों एक साथ शाहबाद जा रहे थे। अक्सर दोनों साथ ही रहते थे।
000
दोनों दोस्तों के शव देखकर फफक पड़े लोग
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले हरि सिंह और राजवीर के शव देखकर ग्रामीण फफक पड़े। मंगलवार दोपहर हरि सिंह के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था, जबकि मंगलवार शाम राजवीर का शव भी घर पहुंच गया था और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। मृतक राजवीर के दामाद प्रशांत सिंघ ने बताया कि राजवीर अपने पीछे पत्नी शशिबाला, एक शादीशुदा बेटी और पांच अन्य बच्चों को छोड़ गए हैं।