रामपुर। बिलासपुर-मिलक मार्ग पर स्थित किलोमीटर 17 के पुल की मरम्मत के लिए शासन ने 80 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। लोनिवि ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और पांच महीने के भीतर पुल की मरम्मत पूरी कर इसे यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। पुल की मरम्मत होते ही तीन लाख लोगों को इससे सीधा लाभ मिलेगा।
यह पुल करीब एक साल पहले लोनिवि के निरीक्षण के बाद भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था, इसकी स्थिति खराब पाई गई थी। हालांकि हल्के वाहन अब भी इससे गुजर रहे हैं। पुल के बंद होने से भारी वाहनों को 25 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही थी।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता गौरव सिंह ने बताया कि शासन से बजट जारी हो गया है। इसके टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। पांच महीने में पुल की मरम्मत पूरी करा ली जाएगी। इसके बाद पुल भारी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे क्षेत्र की लगभग तीन लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और यातायात सुगम हो सकेगा।