जिले में गांव की नई संसद चुन ली गई है। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए चार चरणों में हुए मतदान के बाद रविवार को मतगणना हुई। देर रात तक 684 ग्राम पंचायतों में 575 से अधिक परिणाम घोषित कर दिए गए थे। बड़ी ग्राम पंचायतों की गिनती जारी है, जो सुबह तक समाप्त हो जाएगी।
सोमवार सुबह तक जिले के सभी 684 ग्राम पंचायतों का चुनाव घोषित हो जाएगा। इसके बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। पंचायत सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया के तहत ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव चार चरणों में 28 नवंबर, 1 दिसंबर, 5 दिसंबर और 9 दिसंबर को संपन्न हुआ था।
ग्राम पंचायत चुनावों में कई राजनीतिक दिग्गज और उनके रिश्तेदार भी किस्मत आजमा रहे थे। चुनाव के बाद रविवार को जिले में चार जगह पर मतगणना शुरू हो गई। रामपुर मंडी समिति में सैदनगर और चमरौवा ब्लाक के ग्राम पंचायतों की मतगणना हुई। स्वार, मिलक, बिलासपुर और शाहबाद में संबंधित ब्लाकों के ग्राम पंचायतों की।
मतगणना की सबसे तेज रफ्तार मिलक में रही। रात नौ बजे से तक मिलक में सभी 129 ग्राम पंचायतों की मतगणना समाप्त होने के कगार पर थी। मतगणना की सबसे सुस्त रफ्तार स्वार में थी। रात नौ बजे तक वहां से 149 ग्राम पंचायतों में लगभग 75 के परिणाम ही घोषित हुए थे। शाहबाद की मतगणना भी लगभग समाप्त होने के कगार पर थी।
देर रात सैदनगर और चमरौवा विकास खंड के ग्राम पंचायतों की मतगणना जारी थी। सुबह से मतगणना केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ लग गई। दोपहर बाद से चुनाव परिणाम आने शुरू हो गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मतदान केंद्रों से बाहर आने वाले प्रत्याशियों को उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस को लाठी भी फटकारनी पड़ी। प्रत्याशियों के समर्थकों में इतना उत्साह था कि वो पुलिस की लाठी की परवाह किए बिना फिर से वहीं पर आ जाते थे, जहां से उनको खदेड़ा जा रहा था। मतगणना के दौरान किसी भी केंद्र पर कोई बड़ा बवाल नहीं हुआ।
कम अंतर से हारने वाले प्रत्याशियों ने कई जगह पर पुनर्मतदान की जरूर मांग की। कई ग्राम पंचायतों में तो हार-जीत का अंतर एक मत का रहा। स्वार के एक ग्राम पंचायत में तो दो प्रत्याशियों के वोट बराबर रहे। ऐसे में पर्ची निकालकर विजेता का फैसला लिया गया।
मतगणना के दौरान केंद्रों पर पुलिस तैनात रही। डीएम-एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने सभी मतगणना केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
अधिकांश ग्राम पंचायतों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। देर रात सभी ग्राम पंचायतों के परिणाम घोषित हो जाएंगे। नव निर्वाचित प्रधानों ने अपने-अपने ग्राम पंचायत में विकास कार्य को प्राथमिकता दिए जाने का वादा किया है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत के लोगों ने उनको जिस विश्वास के साथ चुना है, उस पर वो खरा उतरने की कोशिश करेंगे।