भोट। कृषि कानूनों के विरोध में टोल प्लाजा पर चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान आक्रोशित किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। साथ ही कृषि कानूनों को वापस किए जाने की मांग की।
भाकियू मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब के नेतृत्व में पिछले 96 दिनों से भाकियू कार्यकर्ता तीनों कृषि कानूनों की वापसी की मांग कर नेशनल हाइवे में कोयला टोल प्लाजा में धरने पर बैठे हैं। मंगलवार को भी किसानों ने तीनों कृषि कानूनों की वापसी की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। धरने में मौजूद किसानों का कहना था कि सरकार को किसानों की बिल्कुल भी फिक्र नहीं है। किसान धूप व बारिश में धरने पर बैठे हैं और सरकार को किसानों से बात करने का भी समय नहीं है। इसलिए, जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी। किसान आंदोलन खत्म नहीं होगा। वहीं, किसानों को जानकारी देते हुए बताया गया कि पांच सितंबर को आयोजित होने वाली महापंचायत में जाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। इस दौरान तहसील अध्यक्ष इरफान हसन, शाकिर अली, जुल्फिकार, अब्दुल मुस्तफा, नौशाद, जुम्मा, चंद्रसेन, शकील अहमद आदि मौजूद रहे।