बंद पड़ी मोदी ओलविटी में तैनात सुरक्षा गार्ड की जहर देकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधतंत्र और सिक्योरिटी कंपनी पर गार्ड को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधक और सिक्योरिटी कंपनी के खिलाफ जहर देकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला शहजादनगर थाना क्षेत्र के बरेली रोड स्थित मोदी ओलविटी फैक्ट्री का है। यह फैक्ट्री काफी समय से बंद पड़ी है। इस फैक्ट्री में विष्णु विहार कालोनी निवासी नेत्रपाल (50) सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात था। नेत्रपाल रविवार की सुबह फैक्ट्री परिसर में ही मृत अवस्था में पाया गया। जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने नेत्रपाल की मौत पर सवालिया निशान लगाए। आरोप था कि रात के वक्त वह सही सलामत फैक्ट्री गया था, लेकिन सुबह उसकी मौत की सूचना आ गई। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधतंत्र के साथ ही सिक्योरिटी कंपनी पर गार्ड का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
उनका कहना था कि फैक्ट्री में रंगरेलिया मनाई जाती थीं, जिसका गार्ड विरोध करता था। इसी को लेकर जहर देकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हंगामे की सूचना मिलने के बाद शहजादनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मोदी फैक्ट्री के भी अफसर मौके पर पहुंचे। यहां काफी देर तक मान मनौव्वल का सिलसिला चलता रहा। बाद में गार्ड नेत्रपाल की पत्नी संगीता देवी की ओर से फैक्ट्री के प्रबंधक विमल वर्मा व सिंह सिक्योरिटी कंपनी की डायरेक्टर सरोज के खिलाफ गार्ड को जहर देकर मार देने की तहरीर पुलिस को दी। शहजादनगर पुलिस ने इस मामले में दोनों के खिलाफ जहर देकर गार्ड की हत्या कर देने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने गार्ड के शव को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।