रोजा-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन में ड्यूटी करने वाले जीआरपी के सिपाहियों ने शनिवार देररात ट्रेन के गार्ड की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान गुस्साए यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। जिसकी वजह से करीब ढाई घंटे तक ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी रही। बाद में गार्ड की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। वहीं एसपी रेलवे ने आरोपी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही सीओ जीआरपी गाजियाबाद को मामले की जांच सौपी गई है। गार्ड के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है।
शनिवार की देर रात करीब सवा दस बजे रोजा (शाहजहांपुर) से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रामपुर स्टेशन पर पहुंची थी। जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन पर आकर रुकी तो बरेली से चल रहे जीआरपी के सिपाही महेंद्र और संजीव विकलांग कोच में घुस गए और कोच में सवार विकलांग और महिला यात्रियों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें बाहर धकेलने लगे। यात्रियों के विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी थी।
हंगामा होता देखकर गार्ड पीके चंद्रा भी उतर कर पहुंच गए। उन्होंने सिपाहियों द्वारा विकलांग यात्रियों को पीटने का विरोध कर दिया। इस पर सिपाहियों ने गार्ड को भी जमकर पीट दिया। गार्ड के हाथ में चोटें आई हैं। जिस पर यात्रियों ने स्टेशन पर सिपाहियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर स्टेशन अधीक्षक बीके मीणा भी पहुंच गए। गार्ड को लेकर जीआरपी थाने पहुंचे गए थे। लेकिन जीआरपी ने वहां से चलता कर दिया। बाद में वह आरपीएफ थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पूरा मामला मुरादाबाद जीआरपी पहुंच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।