सैदनगर (रामपुर)। पानीपत से ट्रक में कपड़ा लेकर पटना जा रहे टांडा थाना क्षेत्र के एक चालक ने लाखों रुपये का कपड़ा टांडा और अजीमनगर थाना क्षेत्र में बेच दिया। इसके बाद चालक ने ट्रक में पुराने कपड़ों की कतरन भरकर बदायूं के पास ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर आई पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया। माल पटना नहीं पहुंचा तो छानबीन शुरू हो गई और बदायूं में कपड़ा चोरी होने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद बदायूं पुलिस ने टांडा व अजीमनगर थाना क्षेत्र में छापा मारकर लाखों रुपये का कपड़ा बरामद किया है।
थाना टांडा क्षेत्र का एक ट्रक चालक पानीपत से 332 गांठ कपड़ा जिसकी कीमत करीब एक करोड़ बीस लाख रुपये बताई जा रही भरकर पटना के लिए रवाना हुआ था। रामपुर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर माल ठिकाने लगाने की ठान ली। अपने साथियों के साथ आरोपी चालक ने सैदनगर क्षेत्र में ट्रक से कपड़ा उतार लिया। कपड़ा उतारने के बाद आरोपियों ने करीब 20 गांठ कपड़ा गाड़ी में ही रहने दिया। कुछ और पुराने कपड़ों की कतरन भी गाड़ी में लाद ली। माल ठिकाने लगाने के बाद आरोपी पटना के लिए रवाना हो गया। बदायूं के अल्लापुर थाने के नजदीक चालक ने गाड़ी को आग लगा दी। सूचना पर आई पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया। कई दिन बीतने के बाद जब कपड़ा पटना नहीं पहुंचा तो छानबीन शुरू हो गए। बदायूं के अल्लापुर थाने में कपड़ा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो चोरी की परतें खुलने लगी। रामपुर आई पुलिस ने बहादुरगंज, हकीमगंज, दर्शनपुर, खुशहालपुर, हमीरपुर, भटपुरा आदि गांव से करीब 280 गांठ कपड़ा बरामद कर लिया। जिसकी कीमत करीब 80 लाख बताई जा रही है। इस दौरान बदायूं पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। सीओ स्वार धर्म सिंह मार्छल ने बताया कि बदायूं पुलिस ने कपड़ा चोरी के मामले में दर्ज एक मुकदमे के आरोपी की निशानदेही पर माल बरामदगी को कहा था। जिस पर स्थानीय पुलिस के साथ बदायूं पुलिस ने छापा मारा और कई जगह से लाखों रुपये का कपड़ा बरामद किया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई।