जिला विद्यालय निरीक्षक माया देवी के सचल दल ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष स्मारक इंटर कालेज खांडी खेड़ा में छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने नकल कर रहीं चार छात्राओं को रंगे हाथ पकड़ लिया। छात्राओं ने अपने अंतर्वस्त्रों में नकल की पर्चियां छिपाई हुईं थीं। उड़ाका दल ने छात्राओं के खिलाफ नकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक को भी इस संबंध में चेतावनी जारी की है। साथ ही सघन चेकिंग करने के निर्देश जारी किए हैं। चार छात्राओं के नकल करते समय पकड़े जाने के साथ ही बोर्ड परीक्षा में नकलचियों का खाता खुल गया। यूपी बोर्ड की परीक्षा इन दिनों जिले के 82 परीक्षा केंद्रों पर चल रही है।
अभी तक कोई भी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया था, जिसको लेकर उड़ाका दलों की गतिविधियों पर सवालिया निशान लग रहे थे। शुक्रवार को दूसरी पाली में इंटर का फिजिक्स का दूसरा प्रश्न पत्र था। जिला विद्यालय निरीक्षक माया देवी के सचल दल ने दूसरी पाली में नेताजी सुभाष स्मारक इंटर कालेज खांडीखेड़ा में छापा मार दिया।
यहां जब उड़ाका दल ने छात्राओं ने की चेकिंग कराई तो चार छात्राओं के पास नकल की पर्चियां भी मिलीं, जिस पर हड़कंप मच गया। एक साथ चार कमरों से चार छात्राओं के नकल करते हुए पकड़े जाने पर इनके खिलाफ नकल अधिनियम के तहत कार्रवाई के आदेश केंद्र व्यवस्थापक को दिए।
इसके बाद इनकी कापियों को नत्थी कर दिया गया। साथ ही नकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक को भी इस संबंध में चेतावनी जारी कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक छात्राओं की सघन तलाशी महिला शिक्षिकाओं से कराए।
बोर्ड परीक्षा में चार छात्राओं के पकड़े जाने के बाद नकलचियों का खाता खुल गया है। दूसरी ओर पहली पाली में दसवीं की विज्ञान की परीक्षा में 3031 छात्र गैर हाजिर रहे,जबकि इसी पाली में इंटर की चित्रकला की परीक्षा हुई,जिसमें 970 ने परीक्षा छोड़ दी।