नैनीताल से वापस आ रहे भारत विकास परिषद के सदस्यों की कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे कार सवार चार युवक घायल हो गए। घायलों को हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर की भारत विकास परिषद शाखा के सचिव सपन अग्रवाल, अतिन अग्रवाल, अमित अग्रवाल निवासी मोहल्ला साहूकारा तथा मोहल्ला कायस्थान निवासी कोषाध्यक्ष दीपक गुप्ता कार से शुक्रवार को नैनीताल गए थे। चारों युवक शुक्रवार को दोपहर के बाद वापस लौट रहे थे कि रास्ते में एक मोड़ पर सामने से आते वाहन से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई।
इस दौरान कार चला रहा अतिन अग्रवाल कार से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर रोड किनारे खाई में जा गिरी। हादसे को होता देख लोगों ने अपने वाहनों को रोकर बचाव के प्रयास किए, मगर विफल रहे। कार में सवार चारों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को हल्द्वानी के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना मिलने पर सभी के परिजन मौके की तरफ रवाना हो गए। घायलों में दीपक गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन घर ले आए हैं, जबकि, अन्य तीनों घायल अस्पताल में ही भर्ती हैं। दीपक ने बताया कि उसने मौत को अपने नजदीक से गुजरते हुए देखा है। घटना के दौरान अमित कार में से उछलकर बाहर गिर गया था, इससे उसे काफी चोट आई है।
उसने घटना के दौरान अपनी आंखों को बंद कर लिया था। जब उसकी आंख खुली तो वह कार समेत खाई में थे। हादसे के दौरान उसके एक दोस्त का एक फोन कहीं गिर गया। शनिवार को दीपक के घर पर जानकारी लेने वाले लोगों की भीड़ लगी थी। घटना की अभी रिपोर्ट नहीं लिखाई गई हे।