शाहबाद। दलित समाज की बरात में बजाए जा रहे बाबा साहब भीमराव आंबेडकर से जुड़े गीतों और कथित जातिसूचक शब्दों को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बुधवार रात को कोतवाली क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव निवासी अर्जुन की बेटी काजल की बरात धनोरा गोरी थाना सिरौली क्षेत्र से आई थी। रात करीब 11:30 बजे, जब दूल्हा सूरज की बरात चढ़ रही थी, तब बाबा साहब आंबेडकर से जुड़े गीत बजाए जा रहे थे। इन गानों पर गांव के अन्य जाति के चार युवकों ने आपत्ति जताई और कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसी दौरान, दूल्हे के तहेरे और फुफेरे भाइयों समेत तीन की जमकर पिटाई भी की गई थी।
इस मारपीट के दौरान एक आरोपी पर 20 हजार रुपये और मोबाइल निकाल लेने का भी आरोप था। इस घटना में दूल्हे के फुफेरे भाई गिरीश प्रसाद की ओर से सोनू यादव, पिंकू यादव, कंचन यादव और प्रमोद यादव के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करना, मारपीट और एसटी/एससी के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया। घटना के तीसरे दिन तक पुलिस बल गांव में तैनात रहा।
बरातियों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने वाले चार आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। अब एसटी/एससी के मामले में भी जांच की जाएगी। -हर्षिता सिंह, सीओ