रामपुर। बुधवार को खाद के थोक और फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापा गया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग दुकानों से एनपीके के पांच नमूने लिए। इसके अलावा टांडा में एक विक्रेता दुकान बंद कर भाग गए, जिनका लाइसेंस निलंबित कर दिया। जबकि अन्य आठ प्रतिष्ठानों पर रेट बोर्ड नहीं था, जिस पर प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस गया।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि खरीफ धान की फसलों में टॉप ड्रेसिंग के दृष्टिगत कृषकों को गुणवत्तापूर्ण यूरिया निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने के लिए उर्वरक निर्माताओं, थोक विक्रेताओं व फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा गया। जिसके तहत जनपद के विभिन्न उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों पर छापा मारने के लिए दो टीमें गठित की गई, जिसमें उप कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार और संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी एवं जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा और संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी के साथ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि आईएफएफडीसी दड़ियाल तहसील टांडा से एनपीके के दो नमूने, जोतिपथ मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव लिमिटेड तहसील सदर से एनपीके का एक नमूना, इफको किसान सेवा केंद्र शाहबाद से एनपीके का एक नमूना, ख्वाजा खाद भंडार शाहबाद से एनपीके का एक नमूना एवं खाटूश्याम खाद भंडार शाहबाद से एनपीके का एक नमूना लिया गया। उन्होंने बताया कि तहसील टांडा स्थित नैनी खाद भंडार एवं श्याम फर्टीलाइजर प्रतिष्ठान के विक्रेता प्रतिष्ठान बंद करके भाग गए, जिनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गये हैं। इसके साथ अन्य आठ प्रतिष्ठानों पर रेट बोर्ड का नहीं होना, उर्वरक रजिस्टर का मेंटेन नहीं होना एवं प्रतिष्ठान पर नाम नहीं लिखा होना जैसी अनियमितताएं पाये जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गए हैं।