रामपुर। सपा नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के नाम पर लूटपाट, मारपीट समेत अन्य संगीन धाराओं में दर्ज मामले में बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य के लिए गवाहों की पेशी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को पहला गवाह पेश हुआ, जिसकी गवाही हुई। जिरह के लिए एक अगस्त की तारीख निर्धारित कर दी गई है।
गंज थाने में डूंगरपुर बस्ती को खाली कराने के नाम पर लूटपाट, मारपीट समेत अन्य धाराओं में वर्ष 2019 में मुकदमे दर्ज हुए थे। इन मुकदमों में सपा नेता आजम खां, रिटायर्ड सीओ आले हसन समेत कई आरोपी हैं। इन मामलों की सुनवाई इन दिनों कोर्ट में चल रही है।
बृहस्पतिवार को इस मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सपा नेता आजम खां वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य के लिए गुड्डू को गवाही के लिए पेश किया गया।
एडीजीसी सीमा राणा के अनुसार, इस मामले में सफाई साक्ष्य की सूची में शामिल पहले गवाह की गवाही हुई। उससे जिरह होना बाकी है। अब इस मामले की सुनवाई एक अगस्त को होगी।
0000
शत्रु संपत्ति के छह मामलों को एक साथ करने के मामले में 11 को सुनवाई
रामपुर। सपा नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज शत्रु संपत्ति के छह मामलों की फाइल को एक साथ सुनवाई कराने के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट 11 अगस्त को फैसला सुना सकता है। सपा नेता के खिलाफ शत्रु संपत्ति को कब्जाने के अजीमनगर में चार और कोतवाली व सिविल लाइंस में एक-एक मामला दर्ज है।
बचाव पक्ष की ओर से इन छह मामलों की फाइल एक साथ करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिस पर एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में सुनवाई चल रही है। अभियोजन अधिकारी स्वदेश शर्मा के अनुसार, इन मामलों की फाइल को एक करने के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट 11 अगस्त को अपना फैसला सुना सकती है। संवाद