रामपुर। गंज क्षेत्र के ग्राम सेजनी नानकार में शनिवार दोपहर पन्नी और पानी की बोतलों के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह बरात चढ़त के दौरान आतिशबाजी से निकली चिंगारी को बताया गया है। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका है।
पुलिस के अनुसार, गांव में वजीर के चौहद्दी प्लॉट में पन्नी और पानी की बोतलों का गोदाम है। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच घटना की जानकारी पाकर पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग बुझा दी। बताया जाता है कि गांव में आई बरात में आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार आग से कोई नुकसान नहीं हुआ है।