स्वार। मसवासी चौराहे पर 23 मार्च को सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल की युवक की मौत के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की शिनाख्त करने में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि घटना 23 मार्च की शाम लगभग साढ़े सात बजे की है, जब युवक चौराहे के पास होटल की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाजपुर की ओर से आई कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी थी।
घायल को अस्पताल ले जाया गया था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। दुर्घटना की सूचना पर परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी लेकिन कार का नंबर स्पष्ट नहीं दिख सका। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली पुलिस को कार चालक के खिलाफ तहरीर दे दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने तथा हादसे के बाद फरार होने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उनका कहना है कि आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।