रामपुर। बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से शहर में बिजली चेकिंग के लिए अभियान चलाया। इस दौरान 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई। भारी मात्रा में अवैध रूप से डाला गया केबल पकड़ा गया।
बुधवार को पहाड़ी गेट बिजलीघर क्षेत्र के पहाड़ी गेट और पुराना गंज इलाके में बिजली चोरी पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओ विनय कुमार और विजीलेंस प्रभारी के नेतृत्व में चले अभियान में घरों, मैरिज हाल व दुकानों पर चेकिंग की। इस दौरान एक बरात घर पर भारी मात्रा में अवैध केबल पकड़ा गया। कुछ घरों में सामने जा रही अंडर ग्राउंड केबल में कट लगाकर एक केबल घर के अंदर डायरेक्ट जोड़ लिया था और एक केबल दिखाने मात्र के लिए मीटर में जोड़ रहा था। करीब 90 स्थानों पर चेकिंग की। जिसमें 26 स्थानों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। जेई लोकेश कुमार ने सभी के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर कराई है। अधिशासी अभियंता प्रथम भीष्म कुमार तोमर ने बताया कि बिजली चोरी पकड़ने के लिए शहर में अभियान सख्ती से जारी रहेगा।