स्वार। क्षेत्र की विवाहिता अपने पति से नाराज होकर प्रेमी के पास पहुंच गई। साथ रहने और विवाह करने का दोनों ने फैसला किया और वे कोतवाली पहुंच गए। दोनों शादी करने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने उनके परिजन को बुलाया। परिजन दोनों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफल नहीं हुए। आखिरकार विवाहिता अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
मिलकखानम थाना क्षेत्र के ग्रामीण ने अपनी बेटी की शादी लगभग 12 वर्ष पहले स्वार कोतवाली क्षेत्र के निवासी से की थी। दोनों का दांपत्य जीवन सुखमय चल रहा था, जिसके चलते उनके तीन बच्चे भी हो गए। इसी दौरान पति को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी मायके जाती है तो वह एक युवक से मिलती है। पति का आरोप है कि युवक से उसकी पत्नी के प्रेम प्रसंग कई साल से थे। इस बात की जानकारी होने पर दांपत्य जीवन में दरार पड़ने लगी।
कई बार इस मामले को लेकर विवाद और पंचायत हुई, जिसके चलते युवक काम के सिलसिले में उत्तराखंड के एक शहर चला गया। आरोप है कि इस बीच दोनों मोबाइल पर संपर्क में बने रहे। बताया जाता है कि प्रेमी ने शनिवार को उसे स्वार बुला लिया। युवक स्वयं भी उत्तराखंड के रुद्रपुर से स्वार पहुंच गया। प्रेमी युगल ने कोतवाली पुलिस को पूरा माजरा बताया। इसके चलते कोतवाल हरेंद्र सिंह ने प्रेमी युगल के परिजन को कोतवाली बुला लिया। विवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद की, जबकि परिजन इसके लिए सहमत नहीं थे। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती रही, लेकिन विवाहिता ने किसी की न सुनी और पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ चली गई। कोतवाल का कहना है कि मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।