पटवाई (रामपुर)। गांव हुसैनगंज में रविवार को घर में घुसकर महिला व उनके बेटा-बेटी और दामाद को मारपीट कर घायल करने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही चार लोगों को चालान कर दिया है।
हुसैनगंज निवासी शकीना ने शिकायत में बताया कि रविवार सुबह वह व उनका बेटा साबिर, बेटी शहाना, दामाद इंतजार घर पर अकेले थे। आरोप है पड़ोस में रहने वाले नब्बूशाह उनके बेटे शकील, खुर्शीद व उनकी बेटी जीनत, युनुस, रानी, नाजरा, शवाना, तवीजन हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और घर खाली करने की धमकी दी। मना करने पर लाठी-डंडो व लात-घूसों से मारपीट करने लगे। बचाने आए बेटा-बेटी और दामाद को भी मारा पीटा। शोर सुनकर गांव के लोग आ गये, जिसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मारपीट में मुख्य आरोपी नब्बूशाह हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। घटना की पूरी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने आरोपी शकील व तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है।