शाहबाद। ढकिया चौकी क्षेत्र के गदमर पट्टी गांव में सोशल मीडिया पर युवती के फोटो वायरल करने के पुराने विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान छतों से पथराव भी किया गया। पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गदमर पट्टी गांव के रहने वाले सुखवीर की एफआईआर के मुताबिक करीब 25 दिन पहले उनकी बेटी दुकान पर बैठी हुई थी। इसी दौरान गांव के ही गौरव ने उसका फोटो खींचकर फेसबुक पर वायरल कर दिया था। फेसबुक पर फोटो वायरल होने का विवाद उस समय गांव के लोगों ने समझौते से निपटा दिया था।
आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे गौरव और जयप्रकाश उसके घर पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पीड़ित का कहना है कि घटना का वीडियो भी उसके पास मौजूद है।
सुखवीर ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे उसे अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। इसी घटना से संबंधित पथराव का एक वीडियो भी वायरल हो गया है।
कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।