टांडा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के किसानों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम कुमार गौरव को आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की।
किसानों ने फसल मुआवजे, धान खरीद केंद्रों की शुरुआत और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि हमीरपुर पंचायत में सर्वे के बावजूद मुआवजा नहीं मिला, जिससे अगली बोआई प्रभावित हो रही है।
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की तौल शुरू न होने से किसानों को औने-पौने दामों में धान बेचना पड़ रहा है। किसानों ने दढ़ियाल में धान खरीद केंद्र स्थापित करने की भी मांग की, क्योंकि टांडा केंद्र 15 से 20 किलोमीटर दूर है। ज्ञापन में खनन ट्रकों से जाम, जर्जर कब्रिस्तान मार्ग दुरुस्त कराने और एग्री स्टैक सर्वे पंजीकरण जैसी मांगें भी प्रमुखता से उठाई गईं।
इस दौरान भाकियू के पूर्व जिला उपाध्यक्ष बलजीत सिंह, निशान सिंह, फतेह सिंह, गुरबाज सिंह, मंजीत सिंह, वारिस चौधरी, उमर फारुख, अखलाक अली, मोहम्मद वसीम, शाहिद अली, रईस अहमद, इंतजार हुसैन, रफीक और कलुआ आदि किसान मौजूद रहे। संवाद