बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नगर की नवीन मंडी धान क्रय केंद्रों पर बारदाना न होने व क्रय केंद्रों के बहार व्यापारियों के सड़े गले धान के ढेर लगे होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर किसानों का धान नहीं खरीदा गया तो वह 27 अक्तूबर को धरना-प्रदर्शन करेंगे।
भाकियू टिकैत जिला प्रवक्ता निरपजीत सिंह के नेतृत्व में तमाम किसान शनिवार को नगर की नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों पर पहुंचे। किसानों ने धान क्रय केंद्र प्रभारियों से धान न तौलने ने की वजह पूछी। आरोप है कि केंद्र प्रभारी ने बारदाना न होने व धान के ढेरों का उठान न होने की वजह बताई।
किसानों ने धान क्रय केंद्रों के सामने पड़े सड़े गले धान के ढेरों को व्यापारियों का बताया। उन्होंने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि कुछ व्यापारियों ने क्रय केंद्र प्रभारी से सांठगांठ कर अपना सड़ा गला धान क्रय केंद्रों के सामने डाल दिया है, जिसकी वजह से किसान अपने धान को लेकर केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
अगर किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर व्यापारियों के धान के ऊपर से होकर गुजारते हुए केंद्रों पर पहुंचते हैं तो व्यापारी झगड़ा करने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे में किसान अपने धान को क्रय केंद्रों के बजाय मजबूरी में व्यापारियों को औने पौने भाव में बेचने को मजबूर हो जाता है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन कुछ केंद्रों को पुरानी गल्ला मंडी में शिफ्ट कर दे तो किसानों की काफी समस्या कम हो जाएगी। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह रंधावा, गुरचरण सिंह सिद्धू, शिवदेव सिंह, गुरदेव सिंह, निशान सिंह, अंतराम लोधी, सुखदेव सिंह, प्रकाश सिंह रंधावा, विक्रमजीत सिंह आदि मुख्य थे।