जल निकासी नहीं होने से हाईवे पर पानी के बीच से गुजरते वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर में नैनीताल बाईपास किनारे स्थित खेतों में पानी भर गया है। जलनिकासी न होने के कारण खेतों में काफी पानी ठहर गया है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। इसको लेकर किसान गुस्सा गए और उन्होंने नैनीताल बाईपास मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं।
मंगलवार सुबह बिलासपुर में नैनीताल बाईपास पर तमाम किसान एकत्र हो गए और बाईपास मार्ग जाम कर प्रदर्शन करने लगे। किसानों का आरोप था कि जल निकासी के लिए बनाए गए नाले को कुछ लोगों ने बंद कर निर्माण कर लिया है, जिससे बारिश का पानी उनके खेतों में भर गया और फसल खराब हो गई। हालात ये थे कि खेतों से लेकर बाईपास मार्ग तक पानी में डूबा था।
गुस्साए किसानों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ बिलासपुर विद्या किशोर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों का कहना था कि नाले पर अवैध निर्माण नहीं हटवाया जाए और उनकी फसल का मुआवजा दिया जाए।