रामपुर। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर विवादित बयान दिए जाने से किसानों में आक्रोश है। किसानों ने हंगामा कर पुलिस को मामले में तहरीर दी है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक युवा राकेश टिकैत का सिर कलम करने वाले को पांच लाख रुपये इनाम देने की घोषणा कर रहा था।
रामपुर में भाकियू महासचिव हसीब अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, अलीगढ़ पुलिस ने वीडियो की जांच की तो पता चला कि युवक अलीगढ़ का रहने वाला है। भारतीय किसान यूनियन के महासचिव हसीब अहमद को सूचना मिली कि फेसबुक पर एक युवक राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का सिर कलम करने के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा कर रहा है। इसके बाद उन्होंने वीडियो देखा और सीधे उच्च पदाधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर पुलिस को एक तहरीर दी है, जिसमें युवक की गिरफ्तारी की मांग की है।
महासचिव हसीब ने बताया कि प्रत्येक जिलों से तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक अलीगढ़ का रहने वाला है। अलीगढ़ पुलिस रविवार रात से ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
तहरीर देने वालों में इस मौके पर जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह अटवाल, चौधरी राजपाल सिंह, रामबहादुर यादव, लखविंदर सिंह गिल, दरियाब सिंह यादव, रामदास मौर्य, निरपजीत सिंह, कमरुद्दीन, जोगिंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।