शाहबाद। शनिवार को खेत से ट्रॉली में गेहूं भरकर घर लाते समय ट्रैक्टर का जुट्टा टूट गया, जिससे वह पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार की दोपहर को थाना क्षेत्र के गांव नवाबगंज निवासी अभिषेक (21) ट्रैक्टर ट्रॉली और थ्रेशर लेकर घोसीपुरा गांव गए थे। किसान जाहिद के खेत से ट्रैक्टर ट्रॉली से गेहूं भरकर ला रहे थे तभी हाईवे तक आने वाले मार्ग पर ट्रैक्टर का जुट्टा टूट गया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर पर सवार अभिषेक और जाहिद उसके नीचे दब गए। चीख पुकार मचने पर खेत में काम कर रहे किसान दौड़ पड़े। आनन-फानन दबे दोनो युवकों को नीचे से निकाला गया। अभिषेक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घायल को रामपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव घर ले गए है। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।