पटवाई। क्षेत्र के मदारपुर पुल से बृहस्पतिवार को रामगंगा व कोसी नदी में छलांग लगाने वाली महिला की परिवार ने पहचान कर ली है। छलांग लगाने वाली जगह से पुलिस ने बुर्का, चप्पल व दुपट्टा बरामद किया था। शुक्रवार को अखबारों में प्रकाशित खबरों को देखकर परिवार पटवाई थाने पहुंचा और महिला की पहचान साबरी के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह अजीम नगर क्षेत्र के बागरौआ निवासी महिला का परिवार थाने पहुंचा। महिला के बेटे वसीम ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया और अखबारों में प्रकाशित खबर देखी, जिसमें चप्पल, दुपट्टा और बुर्के का जिक्र था। उन्होंने बताया कि यह सामान उनकी मां साबरी का है। परिवार ने उनकी उम्र करीब 58 वर्ष बताई है।
परिवार के अनुसार, साबरी मानसिक रोग और फेफड़े की बीमारी से पीड़ित हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से दवा लेने के लिए मुरादाबाद निकली थीं। साबरी का दो दिन बाद भी कोई पता नहीं लगा है। पुलिस व दमकल की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जांच अधिकारी चंद्रवीर सिंह ने बताया कि महिला की पहचान साबरी उम्र 58 के रूप में हुई है। परिवार ने कपड़ों और चप्पलों से उनकी पहचान बताई है। पुलिस टीम व दमकल की टीम महिला की तलाश में जुटी हुई है।