स्वार। नगर के मोहल्ला रसूलपुर में रास्ते में खड़े होने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य चोटिल हुए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहल्ला रसूलपुर निवासी अतीक अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे अर्श के साथ मोहल्ले में खड़े होने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मंगलवार को विवाद बढ़ गया, जब अनीस, नफीस, इदरीस, शारून, नौमान, सालिम और राशिद सहित अन्य लोगों ने अर्श के साथ मारपीट की। अर्श रोते हुए घर पहुंचा। शिकायत करने पर आरोपियों ने अतीक अहमद और हफीज पुत्र साबिर के साथ भी मारपीट कर दी।
बीच-बचाव के लिए पहुंचीं अतीक अहमद की पत्नी नीलोफर और अर्श को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। हमले में अतीक और हफीज गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए, जबकि नीलोफर भी घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लोगों के एकत्र होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि अतीक अहमद की तहरीर के आधार पर अनीस, नफीस, इदरीस, शारून, नौमान, सालिम और राशिद सहित पांच से आठ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपी मोहल्ला रसूलपुर के निवासी हैं।