गंज पुलिस ने तीतर वाली पाखड़ निवासी एक युवक के घर पर छापा मारकर वहां से सौ रुपये की जाली करेंसी के बीस नोटों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया गया है कि नकली नोट एक स्थानीय शख्स से आधे दाम पर लाया जाता था। नकली नोट देने वाला शख्स गायब हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गंज पुलिस को दोपहर के समय मुखबिर के द्वारा सूचना मिली कि तीतर वाली पाखड़ निवासी शन्नू अपने साथी सलीम के साथ कहीं से दो हजार रुपये के नकली नोट लेकर आए है। उन नोटों को चलाने की तैयारी कर रहे हैं। उसके बाद पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी करके घर पर दबिश दी जहां दोनों ने वहां से भागने का प्रयास भी किया। पुलिस दोनों को थाने ले आई। तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से सौ-सौ के बीस नोट मिले जो जांच के दौरान नकली पाए गए। उसके बाद पुलिस ने शन्नू से पूछताछ शुरू कर दी।
उसने बताया कि रामपुर के ही पत्थरों का थंब निवासी सन्दू से वह आधे दामों में रुपये लेकर आते हैं। उसके बाद वह इनको बाजारों में चला दिया करते हैं। वह उनको शहर और आसपास के गांवों में इन नोटों को चलाया जाता है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि बचे तीसरे आरोपी को पुलिस तलाश रही है।