रामपुर। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। शाम को सभी बूथों से ईवीएम को मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। वहीं, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
सोमवार को शाम को छह बजे मतदान संपन्न हो गया। इसके बाद मतदान कर्मियों ने ईवीएम समेत सभी दस्तावेज भी सील कर दिए। इसके बाद पोलिंग पार्टियां बूथों से मंडी समिति आना शुरु हो गए, जहां उन्होंने अपनी मशीनों को जमा कराना शुरु कर दिया। जैैसे जैसे पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हुआ, मंडी समिति में कर्मचारियों की भी भीड़ लगनी शुरु हो गई, जिसके बाद देर रात तक मशीनों को जमा करने का कार्य हुआ। इस बीच सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जिलाधिकारी रविंद्र कुुमार मांदड़ व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने अफसरों के साथ मंडी समिति का दौरा भी किया। जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम मशीन को कड़ी निगरानी में रखा गया है। यहां कई स्तर की सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं।