रामपुर। मोहम्मद शरीफ की हत्या में सबसे बड़ा सवाल यही है कि हमलावरों को उसकी हर गतिविधि की जानकारी कैसे मिली। क्या उसकी लगातार निगरानी की जा रही थी या फिर कोई करीबी उसकी गतिविधियों की जानकारी हमलावरों तक पहुंचा रहा था।
वारदात के तरीके ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में हमलावरों की पहचान के साथ हत्या की वजह और वारदात से पहले की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ना अहम होगा।
सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के मामले में हाईकोर्ट से बरी होने के बाद शरीफ 12 नवंबर 2025 को बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था। इसके बाद वह अपने गांव बदनपुरी में रह रहा था। उसकी दिनचर्या क्या थी, वह किन लोगों से मिलता था और किन रास्तों से आवाजाही करता था, इन सभी पहलुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले हमलावर घटनास्थल के आसपास मौजूद थे या उन्होंने पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी।
इसके लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन और कॉल डिटेल अहम सुराग दे सकती हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। हालांकि, रेकी या किसी करीबी की भूमिका की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
000
खुफिया तंत्र भी हुआ सक्रिय
सीआरपीएफ आतंकी हमले के मामले में बरी मोहम्मद शरीफ की हत्या की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है, वहीं खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। खुफिया तंत्र की टीमें भी मौका मुआयना करने पहुंच गई हैं। वे लगातार जानकारियां जुटा रही हैं।