केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण व संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को क्षेत्र के खालसा कन्या महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभियान बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ और तेज किया जाएगा ताकि कोई भी बालिका अशिक्षित न रह सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पूरे देश में एक हजार सद्भावना मंडप खोल रही है, जहां आईएएस की तैयारी करने वालों को कोचिंग कराई जाएगी, ताकि नौजवान देश की सेवा में आसानी से जा सकें।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व महाविद्यालय चेयरमैन बल्देव सिंह औलख ने कहा कि अगर क्षेत्र के गरीब परिवार के किसी कन्या ने इंटर कर लिया और गरीबी की वजह से आगे की पढ़ाई नहीं कर पा रही है। उनके महाविद्यालय में उसे मुफ्त में शिक्षा दी जाएगी। प्रबंधक संतोख सिंह खालसा ने महाविद्यालय की प्रगति की आख्या पेश की।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने महाविद्यालय का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री को बल्देव सिंह औलख ने कृपाण भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर, हरजिंद्र सिंह, हरदेव सिंह, कुलबंत औलख, दीक्षा गंगवार, ख्यालीराम लोधी, सिंदर सिंह, गुरजीत सिंह गिल, बूटा सिंह, परमजीत कौर ने भाग लिया। संचालन मोहन लाल सैनी ने किया।