रामपुर। ई-सर्विस बुक में त्रुटियों के चलते जिले के करीब हजार शिक्षक चयन वेतनमान से वंचित हैं। शिक्षकों ने विभाग से जल्द ही चेयन वेतनमान दिए जाने की मांग की है।
चयन वेतनमान का लाभ उन शिक्षकों को मिलता हैं, जिन्होंने एक ही पद पर 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर ली हो। वर्ष 2015 में जिले में बड़ी संख्या में नियुक्ति हुई थी और सैकड़ों शिक्षकों के प्रमोशन हुए थे। चयन वेतनमान का कार्य ऑफलाइन होता था पर इसके बाद जनवरी 2025 से ऑनलाइन करने के आदेश हुए थे। चयन वेतनमान को ऑनलाइन प्रक्रिया में बीईओ , लेखाधिकारी और बीएसए अपने-अपने पटल सहायक के सहयोग से स्वीकृत करते हैं। ऑनलाइन कार्य मानव संपदा पोर्टल के द्वारा होता है। मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों की ई-सर्विस बुक अपडेट नहीं है और कुछ त्रुटियां भी है ,जिस कारण उनके चयन वेतनमान की प्रक्रिया में बाधा आ रही है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल और जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता ने चयन वेतनमान शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की हैं।
-
ई-सर्विस बुक में संशाेधन न होने के कारण शिक्षकों के चयन वेतनमान में समस्या आ रही हैं। ई- सर्विस बुक में संशोधन का कार्य कराया जा रहा है, 31 दिसंबर तक ई- सर्विस बुक में संशोधन कार्य पूरा हो जाएगा। जिसके बाद चयन वेतनमान स्वीकृत किए जाएंगे।
- कल्पना देवी, बीएसए