पटवाई में पक्के अवैध अतिक्रमण हटाती जेसीबी।फोटो-अमर उजाला
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। प्रशासन की टीम ने पटवाई में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कई दुकानों और मकान को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बना रहा।
आरोप है कि पटवाई थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने सरकारी तालाब की जमीन पर कब्जा करके उस पर मकान और दुकानें बनवा ली थीं। टीम लगातार उनको अतिक्रमण हटाने के लिए कह रही थी, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। गुरुवार सुबह को तहसीलदार नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम वहां पर जेसीबी लेकर पहुंच गई उसके बाद टीम ने अवैध निर्माण पर जेसीबी चला दी। एक मकान को गिराने में तीन घंटे लग गए थे, लेकिन उसके बाद भी जब वह नहीं गिरी, तो टीम ने दो जेसीबी लगवाई। फिर कहीं जाकर अवैध बिल्डिंग को गिराया गया। इसके बाद अस्पताल के पास बनी अवैध दुकानों पर जेसीबी चली, फिर टीम ने पटवाई चौराहे पर अवैध अतिक्रमण पर जेसीबी गरजी। उसके बाद शाहबाद-रामपुर रोड पर बनी अवैध दुकानों पर जेसीबी चली। पटवाई में लगभग अवैध पच्चीस दुकानों पर जेसीबी चली। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पटवाई थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह अपनी पुलिस टीम और पीएसी के जवान मोर्चा संभाले रहे। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की कार्रवाई जारी थी।