सहकारी समिति के चुनावों में सत्ता की धमक दिखाई दी। अधिकांश समितियों में सभापति-उपसभापति निर्विरोध चुन लिए गए। जहां चुनाव हुआ वहां हंगामा और जमकर नोकझोंक हुई। जिले में सहकारी समितियों के सभापति, उप सभापति और जिला सहकारी बैंक के डेलीगेट के लिए मंगलवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। देर रात तक सहकारिता विभाग के अफसर सभी समितियों से आंकड़े जुटाते रहे। धमोरा और पटवाई साधन सहकारी समिति पर हंगामा और जमकर नोकझोंक हुई।
जिले की 64 पैक्स, 45 अन्य विशेष और 10 हथकरघा समितियों के सभापति के लिए मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। मतदान के दौरान धमोरा सहकारी समिति पर संचालक सदस्य के साथ सहायक के जाने को लेकर हंगामा हो गया। दो प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे से गाली-गलौज करने लगे तो वहीं एक पक्ष ने पुलिस पर भी एक प्रत्याशी के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगाया। चुनाव परिणाम में गौतम गुप्ता सभापति चुने गए।
जिले में सैदनगर क्षेत्र की किसान सेवा सहकारी समिति सैदनगर पर केशव यादव, लालपुर किसान सेवा सहकारी समिति पर महेंद्र सिंह लोधी, दिलपुरा किसान सेवा सहकारी समिति पर राजकुमारी और काशीपुर आंगा समिति पर सुरेश बाबू, रजानगर-मीरापुर किसान सेवा सहकारी समिति के सभापति पद पर मुस्तफा हुसैन, उपसभापति के लिए रईसी बेगम, स्वार क्षेत्र की पुसवाड़ा समिति पर सरदार निशान सिंह, दूंदावाला में रेशमा, धनोरी में महीपाल सिंह मौर्य, समोदिया में बाबूराम, दढ़ियाल समिति पर महेंद्र सिंह, पीपली नायक समिति पर सुनीता देवी, मानपुर समिति पर सौरभ गुप्ता, रहमतगंज समिति पर रघुवीर आर्य, सैफनी समिति पर जगवीरी देवी, चंद्रपुर कलां समिति पर रामस्वरूप, ककरौआ समिति पर शिवाली सैनी, अजीतपुर समिति पर धर्मवीर यादव, कपनेरी समिति पर रविन्द्र गंगवार और काशीपुर समिति पर सुरेश बाबू को निर्विरोध सभापति चुना गया। उधर पटवाई में भी जमकर नोकझोंक हुई।