स्वार से रामपुर आ रहीं भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी सैनी की कार को चेक किए जाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। भाजपाइयों ने चेकिंग टीम पर मनमानी करने और उत्पीड़नात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में भाजपाइयों ने डीएम से मुलाकात कर इस मामले में कार्रवाई की मांग की। जिसमें प्रत्याशी ने बदसलूकी का आरोप लगाया है।
स्वार से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी सैनी अपने समर्थकों के काफिले के संग शुक्रवार को रामपुर से स्वार जा रही थीं। इस दौरान हम सफर चौक पर स्टैटिक टीम ने भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी रोक ली। पुलिस ने उनको उतार लिया और फिर गाड़ी की सघन तलाशी ली। इस दौरान आरोप लगाया गया कि पुलिस की टीम ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, बदसलूकी की, जिससे समर्थक भड़क गए। समर्थकों ने यहां हंगामा शुरू कर दिया। काफी संख्या में भाजपाई एकत्र हो गए और फिर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख किसी तरह यहां टीम ने ही मामला शांत कराया।
बाद में गुस्साए भाजपाई कलेक्ट्रेट पहुंच गए, जहां पर उन्होंने डीएम से शिकायत की। कहा कि पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के संग अभद्र व्यवहार किया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि टीम द्वारा की गई अभद्रता की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि सपा प्रत्याशी समेत अन्य पार्टी के नेताओं की गाड़ियों को चेक नहीं किया जा रहा है जो कि पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई कराने की मांग की है। डीएम ने इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।