शिक्षा विभाग की जमीन पर संचालित हो रहे सपा नेता आजम खां के रामपुर पब्लिक स्कूल (गर्ल्स विंग) की छात्राओं को शिफ्ट कराने की कवायद तेज हो गई है। बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक की कमेटी मंगलवार को अपनी रिपोर्ट डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ को सौंपेगी। इसके बाद ही आगे का फैसला होगा।
जौहर यूनिवर्सिटी में नगर पालिका की सफाई मशीन बरामद होने के मामले में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई नौ नवंबर को होगी। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दोस्त सालिम और अनवार की निशानदेही पर पुलिस ने पिछले साल सितंबर जौहर यूनिवर्सिटी से रामपुर नगर पालिका की रोड क्लीनर मशीन बरामद की थी।
यह मशीन यूनिवर्सिटी कैंपस में गड़्ढा खोदकर दबाई गई थी। इस मामले में भाजपा नेता बाकर अली खां की ओर से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम व अनवार व सालिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी अनवार व सालिम को जमानत मिल चुकी है। इस मामले में आजम और अब्दुल्ला की ओर से अग्रिम जमानत दाखिल की गई थी, जिसे कोर्ट ने सात अक्तूबर को खारिज कर दिया था।
इसके बाद उन्होंने स्थायी जमानत के लिए सेशन कोर्ट में याचिका दाखिल की। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई सोमवार को होनी थी, लेकिन एक अधिवक्ता के निधन की वजह से अधिवक्ताओं ने काम नहीं किया और सुनवाई टल गई। अब इस मामले की अगली सुनवाई नौ नवंबर को होगी। दूसरी ओर आजम के खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में भी सुनवाई नहीं हो सकी।