रामपुर। परिवहन निगम ने आगामी दीपावली और छठ पूजा के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। 18 से 30 अक्तूबर तक चलने वाली इस योजना के तहत डिपो की बसें 24 घंटे सड़कों पर दौड़ेंगी और चालक-परिचालकों को अतिरिक्त सेवाएं देने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
योजना के तहत चालक-परिचालकों को 12 दिन तक बस चलाकर 3600 किलोमीटर पूरा करने पर 4800 रुपये मिलेंगे। वहीं 13 दिन तक बस चलाकर 3900 किलोमीटर पूरा करने पर 5850 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। बरेली और मुरादाबाद रूट पर एक-एक अतिरिक्त बस भी चलाई जाएगी।
कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। 12 दिन काम करने पर 2100 रुपये और 13 दिन अतिरिक्त काम करने पर 2500 रुपये का दीपावली तोहफा दिया जाएगा। निगम ने सभी चालक-परिचालकों को इस योजना की जानकारी दे दी है।
-
दीपावली और छठ पूजा के त्योहार को देखते हुए परिवहन निगम ने चालक-परिचालकों के लिए योजना निकाली है। इसके तहत अतिरिक्त सेवाएं देने पर इनको लाभ दिलाया जाएगा। वहीं कर्मचारियों के लिए भी इस दिन काम करने पर मेहनताना दिया जाएगा।
-रामप्रकाश, प्रभारी डिपो, रामपुर