डा. एपीजे अब्दुल कलाम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में एआईसीसी ने न्यू स्टार क्लब को 130 रन की करारी शिकस्त देकर अगले राउंड में प्रवेश कर लिया है। सोमवार को टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में समीर इलेवन ने पैंथर क्लब को 63 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
ज्वाला क्लब मैदान पर चले रहे टूर्नामेंट में सोमवार को पहला मैच एआईसीसी और न्यू स्टार क्लब के बीच खेला गया। एआईसीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 179 रन बनाए। नदीम ने 38, गौरव ने 29 और अक्कू ने 24 रन बनाए। न्यू स्टार क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए कप्तान मनोज ने चार विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू स्टार क्लब की पूरी टीम 14 ओवर में महज 49 रन पर ही ढेर हो गई। एआईसीसी के गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के सामने न्यू स्टार क्लब की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। टीम के पांच बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल पाए। कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
एआईसीसी की ओर से अमित जैन ने चार विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के दूसरे मैच में समीर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 167 रन बनाए। अफजल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पैंथर क्लब की पूरी टीम 104 रन पर ही आउट हो गई। अफजल को अर्द्धशतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। सोमवार को मैच में अंपायरिंग सुल्तान, शम्मी और गोविंद ने की, जबकि स्कोरिंग पिंटू और आदेश ने की। मैच के दौरान कमेंट्री वरुण जोशी और दीपक ने की।