रामपुर। जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा चुनाव को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी तैयारियों के संबंध में कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को बूथों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सभी नोडल अधिकारियों से तैयारियों के बारे में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का सख्ती के साथ पालन होना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस के साथ कार्रवाई होगी।
सभी मतदान केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सफाई, रैंप और शौचालय सहित अन्य मूल भूल सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के बारे में उन्होंने बीएसए कल्पना सिंह को निर्देशित किया। मतदान और मतगणना के लिए प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर बनाने के साथ-साथ परिवहन, मतदान सामग्री, ईवीएम की उपलब्धता आदि के बारे में भी जरूरी निर्देश दिए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।