रामपुर। दिल्ली-नैनीताल बाईपास पर आए दिन होने वाले सड़क हादसों पर जिलाधिकारी रविंद्र कुुमार मांदड़ ने अफसरों के साथ बैठक की और बाईपास के चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अफसरों से पूछा कि इस कार्य में कहां बाधा है और इसे किस तरीके से दूर किया जा सकता है, जिस पर अफसरों ने कुछ काम भारत सरकार से संबंधित बताए।
दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर के बाहर से होकर बाईपास निकल रहा है। पूरी सड़क तो फोरलेन है, लेकिन रामपुर बाईपास दो लेन है। इसके अलावा कई स्थानों पर ऐसे कट हैं, जो दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा केंद्र हैं। आए दिन बाईपास पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अब तक इन हादसों में कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। अमर उजाला ने इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया था, जिसके बाद अफसरों की नींद टूट गई। लिहाजा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को एनएचएआई के अफसरों को तलब कर लिया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामभरत तिवारी तथा परियोजना प्रबंधक एनएचआई मुरादाबाद सहित अन्य अधिकारियों के साथ रामपुर बाईपास के चौड़ीकरण के संबंध में बैठक की। जिलाधिकारी ने बाईपास को फोरलेन किए जाने के संबंध में विभिन्न स्तरों पर की जाने वाली कार्यवाहियों की व्यापक समीक्षा की तथा कार्यवाही की प्रगति के बारे में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं पीडी एनएचएआई से जानकारी प्राप्त करके निर्धारित प्रावधानों के तहत कार्य को गति प्रदान करने के संबंध में जरूरी निर्देश दिए।