दढ़ियाल (रामपुर)। क्षेत्र के ग्राम लोदीपुर नायक में चल रहे उर्स के मेले में शुक्रवार रात महिलाओं के साथ छेड़खानी को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। मेले के बाद दोनों पक्षों में मोहल्ले में पहुंचकर जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दो लोगों को पकड़कर चौकी ले आई। दोनों पक्षों के लोग और स्थानीय नेता भी चौकी पर पहुंच गए। दोबारा मारपीट न करने और समझौता करने के आश्वासन पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बिना कार्रवाई भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम लोदीपुर नायक में स्थित मेहंदी शाह मियां की मजार पर उर्स के बीच मेला चल रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात मेले में महिलाओं के साथ किसी ने छेड़खानी कर दी। इसके बाद महिला के परिजनों ने छेड़खानी करने वाले युवक और उसके साथियों को पीट दिया।
आरोप है कि मेले के बाद एक पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष के मोहल्ले में पहुंच गए। इस बीच दोनों पक्षों के लोगों में लाठी-डंडे चलने लगे। इससे में घिर कर कई लोग घायल हो गए।
सूचना पर चौकी इंचार्ज सतीश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दो लोगों को पकड़ कर चौकी ले आए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग कुछ स्थानीय नेताओं के साथ चौकी पहुंच गए। दोनों पक्षों को दोबारा मारपीट न करने और समझौता करने का आश्वासन पर दोनों लोगों को छोड़ दिया।
चौकी इंचार्ज सतीश कुमार ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट की सूचना पर गए थे, लेकिन किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी है। सुलह करने का भरोसा दिया। अगर शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
00