शाहबाद। रामपुर रोड पर रविवार सुबह दो डंपरों की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त डंपर हटाने के दौरान पुलिस और हाइड्रा चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि हाइड्रा चालक ने पहले डंपर हटाने से इन्कार कर दिया और बाद में कहासुनी बढ़ने पर लोहे का सरिया निकालकर सिपाहियों की ओर बढ़ गया। सूचना पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बाद में उसका शांति भंग में चालान कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह रामपुर रोड पर दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया। यातायात सुचारु कराने के लिए शाहबाद कोतवाली में तैनात सिपाही राहुल और प्रमोद एक हाइड्रा चालक के पास पहुंचे और क्षतिग्रस्त डंपर हटाने का अनुरोध किया। बताया जाता है कि हाइड्रा चालक ने डंपर हटाने से मना कर दिया। पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात व्यवस्था का हवाला देते हुए दोबारा आग्रह करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान हाइड्रा चालक ने लोहे का सरिया निकाल लिया और सिपाहियों की ओर बढ़ते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शाहबाद कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
सीओ देवकीनंदन ने बताया कि हाइड्रा चालक बंटी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया है।