रामपुर। शुक्रवार को जनपद में तीन और मरीजों में डेंगू की पुष्टि ह़ई। इनमें दो महिला व एक पुरुष शामिल हैं। तीनाें को कई दिन से बुखार आ रहा था। जांच कराई गई तो रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई।
जनपद में दिन ब दिन डेंगू का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। रोज किसी न किसी क्षेत्र में नए केस मिल रहे हैं। जनपद में तीन और नए केस मिले हैं। अब तक 21 रोगी मिल चुके है। स्वास्थ्य विभाग के आकंड़ों के अनुसार सलमान (26) पुत्र राशिद निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी डिग्री कॉलेज, कमलेश (36) पत्नी सुनील कुमार निवासी गंगापुर आवास विकास, त्रिवेनी 50 पत्नी दलपत निवासी नरखेड़ा तहसील बिलासपुर की एलाइजा की रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई हैं।
मालूम रहे कि जिले में बुखार तेजी से फैल रहा है। सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। इस समय गली-मोहल्लों, गांव एवं शहर में बुखार उल्टी-दस्त, मलेरिया, डेंगू, दाद-खाज और खुजली के अलावा सांस के मरीजों की भीड़ लगी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में एंटी लार्वा का छिड़काव करा रही है, इसके अलावा टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सभी लोग रात में मच्छरदानी लगाकर ही सोएं ओर अपने घरों के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। साथ ही घर के आसपास पानी जमा न होने दें।